घिरोर। गांव लखई में 13 जुलाई को सड़क पर चारपाई डालने के विवाद में आरोपियों ने एक युवक को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया था। बृहस्पतिवार को घायल ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव लखई निवासी राजकिशोर (35) मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। 13 जुलाई को वह घिरोर से मजदूरी करने के बाद बाइक से घर वापस लौट रहा था। शाम करीब आठ बजे जब वह गांव की गली में पहुंचा तो वहां रास्ते में गांव निवासी रघुवीर और अनिल चारपाई डाल कर बैठे थे। राजकिशोर ने दोनों से चारपाई हटाने की बात कही, इसके बाद आरोपियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया था। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद थाने में एनसीआर भी दर्ज कराई गई थी। घायल का इलाज आगरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
बृहस्पतिवार को तबियत बिगड़ने पर परिजन एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर गांव आ गए। सूचना मिलने के बाद पहुंचे प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भाई रामकिशोर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनिल व रघुवीर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।