फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के व्यस्ततम गुंजन चौक पर पिछले तीन दिनों से खड़ी एक लग्जरी कार में रविवार शाम एक युवक का शव मिला। स्थानीय दुकानदारों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अचेत अवस्था में पड़े युवक को कार से निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, उक्त लग्जरी कार पिछले तीन दिनों से गुंजन चौक पर खड़ी थी। कार के अंदर बैठा युवक न तो बाहर निकलता था और न ही किसी राहगीर या दुकानदार से बात करता था। रविवार को जब काफी देर तक युवक की कोई हलचल नहीं हुई और वह सीट पर अचेत दिखाई दिया, तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचित किया गया।
थाना प्रभारी वैभव प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार का दरवाजा खुलवाया और युवक को तुरंत जिला अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत पाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि युवक संभवतः किसी मादक पदार्थ (नशे) का सेवन कर रहा था। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है। शव मोर्चरी में रखवा दिया है।