जगदीशपुरा के गांव बिचपुरी निवासी मिलन (20) ट्रक चालक है। चचेरे भाई राकेश ने बताया कि मिलन के पिता हाकिम सिंह की एक साल पहले मृत्यु हो गई थी। वह ट्रक चलाते थे। उनकी मृत्यु के बाद मिलन ही ट्रक से माल ढोने का काम कर रहा था। घर में मां मंजू देवी के अलावा दो बड़े भाई सुनील और अनिल हैं। भाई प्राइवेट नौकरी करते हैं। राकेश ने बताया कि चार दिन से मिलन को ढुलाई का काम नहीं मिल रहा था। वह काम के सिलसिले में ऑटो से शनिवार की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर जाने की कहकर निकला था।
पुलिस को आसपास के लोगों ने बताया कि कारगिल चौराहे पर सुबह 10:30 बजे मिलन गन्ने की जूस की ठेल पर रुका था। तभी बाइक सवार दो युवक आए, उन्होंने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। एक युवक ने मिलन की कनपटी पर तमंचा रखकर गोली चला दी। मिलन लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। बीच चौराहे पर हुई वारदात के बाद आसपास के ठेल वाले भाग खड़े हुए।
कुछ दुकानें के शटर गिर गए। घटनास्थल के ठीक सामने देवीराम फूड कोर्ट स्थित है। वहां बैठे लोग दहशत में आ गए। सूचना पर डीसीपी सिटी सोनम कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को सिकंदरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया। डीसीपी सिटी ने बताया कि घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। दो नकाबपोश बदमाशों के फुटेज मिले हैं। छानबीन की जा रही है।