फतेहाबाद (आगरा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार की शाम बाइक से उतरकर सड़क पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आने से इटावा के युवक नवीन कुमार (33) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इटावा के थाना ऊसराहार के नगला पाचन समतर निवासी अवनीश कुमार ने पुलिस को बताया कि नोएडा में बड़े भाई नवीन कुमार (33) सीएनजी पेट्रोल पंप पर काम करते थे। वह और भाई दोनों बाइक से घर जा रहे थे। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 पर पहुंचे। सड़क पर काम चल रहा था, तो भाई को बाइक से उतार दिया था। इसके बाद वह बाइक निकाल रहा था। तभी सड़क पार करते समय भाई किसी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में भाई घायल हो गया। जानकारी पर यूपीडा की टीम और फतेहाबाद थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल को सीएचसी फतेहाबाद पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने नवीन को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के दो पुत्र हैं। प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर किसी वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हुई है। जांच की जा रही है।