आगरा। जगदीशपुरा के बोदला में महिला और सिकंदरा के नीरव निकुंज में युवक ने फंदा से लटककर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने खुदकुशी का कारण पारिवारिक समस्याएं बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोदला निवासी लक्ष्मी देवी (55) पत्नी बच्चू सिंह का शव बुधवार की शाम को फंदे से लटका शव मिला। बेटे राहुल ने बताया कि पिता एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं। वह पेट्रोल पंप कर्मचारी है। बुधवार को वह पेट्रोल पंप से लौटने के बाद अपने कमरे में आकर सो गए। सुबह करीब सात बजे जागे। इसके बाद मां को न पाकर आवाज दी, जवाब न मिलने पर उन्हें फोन किया। कॉल रिसीव नहीं होने पर वह कमरे से बाहर आए तो देखा कि मां का कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांक कर देखा तो उन्हें पंखे से साड़ी के फंदे से लटका पाया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। राहुल ने पुलिस को बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी ने शर्त रखी थी कि वह मां के साथ नहीं रहेगी। इंस्पेक्टर जगदीशपुरा देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी ओर, सिकंदरा के नीरव निकुंज में किराए पर रहने वाले 28 वर्षीय शशांक वर्मा ने खुदकुशी कर ली। कमरे की खिड़की से फंदे से उनका शव लटका मिला। इंस्पेक्टर सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने बताया कि शशांक मूल रूप से लायर्स कॉलोनी न्यू आगरा का रहने वाला था। एक्सपोर्ट फैक्टरी में काम करता था। उससे सुसाइड नोट मिला है, जो माता-पिता को संबोधित है। उसमें लिखा है कि आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका, जिसके चलते खुदकुशी कर रहा हूं।