लक्ष्मीपुर में जातिगत विवाद में युवक को सरिये से पीटा
भगवान राम को लेकर की अभद्र टिप्पणी, पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल (मैनपुरी)। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर विनायकपुर में जातिगत विवाद सामने आया। नामजद लोगों ने ठाकुर जाति के एक युवक को सरिये से पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान भगवान राम को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। नामजद लाेगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद तलाश शुरू कर दी है।
गांव लक्ष्मीपुर विनायकपुर निवासी जितेंद्र सिंह 8 मई की शाम गांव हिंदूपुर में दावत खाने के लिए गए थे। तभी रास्ते में पाली खेड़ा सहन निवासी सौरभ यादव, नरसिंह यादव, हिंदूपुर निवासी महाराज सिंह और राजीव यादव ने पीछे से आकर रास्ता रोक लिया। नामजद लोगों ने जाति को संबोधित गाली गलौज करते हुए कहा कि इसे मार दो। तभी सौरभ ने पीछे से लोहे की सरिया से पीटना शुरू कर दिया। नरसिंह यादव ने तमंचा निकाल कर उसकी कनपटी पर रख दिया। उसे पीटकर जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान ने भगवान श्रीराम को लेकर भी अभद्र टिप्पणी की। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। पुलिस ने घायल युवक का मेडिकल कराया। नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।