मथुरा के वृंदावन में जन्मदिन की पार्टी में शराब पीने से मना करने से गुस्साए युवकों ने 12वीं कक्षा के छात्र को बेरहमी से पीटा। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां छात्र की मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
रुक्मिणी विहार स्थित मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा बनवाए गए फ्लैट में रहने वाले महेश के बड़े बेटे हरीश के पुत्र का शनिवार को जन्मदिन था। इसकी पार्टी में हरीश के कुछ दोस्त शराब पी रहे थे। यह देखकर 12वीं में पढ़ने वाले छोटे भाई कन्हैया ने घर में शराब पीने से मना किया तो कहासुनी होने लगी। शनिवार को तो ये सभी चले गए।
दुकान से बुलाकर बेरहमी से पीटा था
आरोप है कि रविवार देर शाम सूरज अपने दो साथियों के साथ आया। तब कन्हैया दुकान पर था। आरोपियों ने उसे बाहर बुलाया और पीटने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कन्हैया (17) को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां कन्हैया ने इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया। बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी सूरज और संजय को गिरफ्तार कर लिया है। सूरज मृतक के बड़े भाई का दोस्त है। वारदात के पीछे शराब को लेकर विवाद सामने आया है। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं। जहां रक्तस्राव हुआ था वहां की मिट्टी का नमूना जांच के लिए भेजा गया है।