आगरा के खेरागढ़ में पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी को रविवार रात्रि करीब 10 बजे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह हत्यारोपी के परिजन आगरा डीसीपी पश्चिमी के कार्यालय पहुंचे और पुलिस पर झूठा फंसाने के आरोप लगाए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
दिसंबर माह में सोन नहर में अधेड़ का शव मिला था। जिसकी शिनाख्त क्षेत्र के रसलपुर निवासी चोब सिंह के रूप में हुई थी। चोब सिंह की पत्नी लोंगश्री ने गांव के रामगोपाल पर पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद अभियोग पंजीकृत कराया था।
रविवार रात्रि डूंगरवाला मोड़ से वांछित हत्यारोपी रामगोपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को हत्यारोपी के खिलाफ जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिले है। खेरागढ़ एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि चोब सिंह की रामगोपाल ने पुरानी रंजिश की वजह से हत्या कर दी थी।
रामगोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्यारोपी के भाई राम प्रकाश और भाभी सुमन डीसीपी पश्चिमी के कार्यालय गए। पुलिस की पूछताछ में रामगोपाल ने चोब सिंह को नशे की हालत में मिलने पर नहर के पानी में डुबोकर हत्या करना स्वीकार किया है।
भतीजे सूरज की गोली मारकर हुई थी हत्या
बीते वर्ष रामगोपाल के बड़े भाई राम प्रकाश के नाबालिग बेटे सूरज की घर के पास खेत में गोली मारकर हत्या की गई थी। रामप्रकाश ने चोब सिंह के पुत्र रामगोपाल सहित गांव के नंदकिशोर और तारा सिंह को आरोपी बनाकर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने नंदकिशोर और तारा सिंह को जेल भेज दिया था।