फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होटल में कत्ल!: सिर में कैसे लगी चोट? प्रेमी खामोश, बार-बार बदल रहा बयान; अंदरूनी अंग से हुआ अत्यधिक रक्तस्राव

Fri, 28 Aug 2026 01:05 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, फिरोजाबाद

सार

फिरोजाबाद में होटल में एक युवती की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रेमी बार-बार बयान बदल रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने चार घंटे तक जाम लगाकर रखा। युवती रक्षाबंधन पर गुरुग्राम से घर लौट रही थी। हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
firozabad murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रक्षाबंधन पर गुरुग्राम से घर लौट रही अनुसूचित जाति की 21 वर्षीय युवती की शिकोहाबाद स्थित एक होटल में प्रेमी के साथ ठहरने के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने से कोमा में जाने के साथ अंदरूनी अंग से अत्यधिक रक्तस्राव की बात सामने आई है।
विज्ञापन


पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमी राहुल यादव और उसके एक साथी के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। परिजन ने दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने राहुल को हिरासत में लिया है जबकि उसका साथी फरार है। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चार घंटे तक प्रदर्शन किया। देर शाम युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

नसीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती पिछले तीन माह से गुरुग्राम में एक कंपनी में नौकरी कर रही थी। रक्षाबंधन पर घर आने के लिए वह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बस से गुरुग्राम से निकली थी। रात करीब आठ बजे शिकोहाबाद पहुंचने पर उसने पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कही। उसने बताया कि वह शिकोहाबाद की अपनी सहेली के घर रुक रही है और सुबह घर आ जाएगी। उसने पिता को अपने साथ राहुल उर्फ नितिन यादव निवासी विजेंद्र कॉलोनी के होने की भी जानकारी दी थी।

 

पुलिस के अनुसार, युवती सहेली के घर पहुंची और अपना बैग वहां रख दिया। इसके बाद वह राहुल के साथ चली गई। दोनों मईयामई इलाके में एक होटल में ठहर गए। देर रात करीब तीन बजे युवती की हालत बिगड़ गई। राहुल ने सलेमपुर निवासी अपने एक दोस्त को बुलाया और दोनों युवती को बाइक पर बैठाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।

 

शिकोहाबाद मंडी के पास हाईवे किनारे स्थित अस्पताल में उस समय डायल-112 की टीम मौजूद थी। पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों के साथ अचेत युवती को देखा तो अस्पताल पहुंचे। तब तक चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों युवक वहां से निकलने लगे। पुलिस ने राहुल को हिरासत में ले लिया जबकि उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने युवती के परिजन को घटना की सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता ने शव की पहचान करने के बाद राहुल और उसके साथी के खिलाफ तहरीर दी।

युवती के सिर में कैसे लगी चोट?
मईयामई गांव के बाहर स्थित एक होटल के बंद कमरे में 21 वर्षीय युवती के साथ आखिर क्या हुआ यह रहस्य पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत का मुख्य कारण सिर में गंभीर चोट लगाया है। इसके अलावा अंदरूनी अंग से रक्तस्राव सामने आने के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हिरासत में लिया गया मृतका का प्रेमी राहुल यादव पुलिस के सामने बार-बार अपने बयान बदलकर जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा है।
 

आरोपी राहुल यादव से जब बंद कमरे में युवती के सिर पर लगी गहरी चोट के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई तो वह लगातार मनगढ़ंत कहानियां गढ़ रहा है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि युवती अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर गई थी, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। हालांकि, जब पुलिस ने चोट की गहराई और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट को सामने रखा तो उसने अपना बयान बदलते हुए कहा कि युवती की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसका सिर दीवार में लग गया था।

 

शव रखकर गिरफ्तारी की मांग
बृहस्पतिवार शाम करीब 4:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शिकोहाबाद-नसीरपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। परिजनों ने युवती की शिकोहाबाद निवासी सहेली की भूमिका की भी जांच कर उसे नामजद करने की मांग की। चार घंटे चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर स्थिति नियंत्रित हुई।
 

तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ किया पोस्टमार्टम
युवती के शव का परीक्षण स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित तीन वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. राहुल जैन, डॉ. शालिनी तिवारी और डॉ. अभिषेक के पैनल ने किया। डॉक्टरों की टीम ने काफी गहनता से शरीर का परीक्षण किया। मौत के वास्तविक कारणों और दुष्कर्म के आरोपों की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए डॉक्टरों की टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनमें दुष्कर्म की आशंका और चिकित्सकीय पुष्टि के लिए डॉक्टरों ने तीन अलग-अलग स्लाइड सैंपल तैयार किए हैं। 
 

अंदरूनी अंग से अत्यधिक रक्तस्राव की भी उलझी गुत्थी
युवती के अंदरूनी अंग से अत्यधिक रक्तस्राव बताया गया है लेकिन घटना के हालात कई ऐसे सवाल खड़े कर रहे हैं जिनका जवाब तलाशने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। आमतौर पर दुष्कर्म या हत्या के मामलों में पीड़िता द्वारा खुद को बचाने के लिए किए जाने वाले विरोध के निशान शरीर पर उभर आते हैं। 

 

हालांकि, फॉरेंसिक टीम और डॉक्टरों द्वारा की गई जांच में मृतका के शरीर पर खरोंच, दबाव या संघर्ष का एक भी निशान नहीं पाया गया है। यहां तक कि युवती के गले में पहनी हुई चेन भी बिल्कुल सुरक्षित और सही सलामत स्थिति में मिली है। उसके कपड़े भी फटे या अस्त-व्यस्त नहीं थे।
 

शरीर और कपड़ों की सामान्य स्थिति के बावजूद युवती के अंदरूनी अंग से अत्यधिक रक्तस्राव होना सबसे बड़ा रहस्य बन गया है। बिना किसी बाहरी जबरदस्ती या चोट के निशान के इतना गंभीर रक्तस्राव कैसे संभव हुआ इसको लेकर चिकित्सा विशेषज्ञ भी किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाए हैं। इसी कारण दुष्कर्म की शुरुआती थ्योरी पर भी संशय की स्थिति है।
 

दो साल से थे प्रेम संबंध
युवती और आरोपी राहुल यादव उर्फ नितिन निवासी विजेंद्र कॉलोनी के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। पुलिस को राहुल ने यह जानकारी दी है। उसने बताया कि युवती जब नौकरी करने गुरुग्राम गई थी, तब भी दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती थी। रक्षाबंधन पर वह पांच दिन की छुट्टी लेकर आई थी। गुरुग्राम से आने से पहले ही दोनों का रात में होटल में रुकने का प्लान बना था। पुलिस अब दोनों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और चैट की जांच कर रही है ताकि घटना की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा सके।

 

दोस्त के जन्मदिन का बहाना बनाकर होटल गया था राहुल
राहुल यादव ने होटल में ठहरने और रात भर बाहर रहने के लिए अपने परिजन से झूठ बोला था। राहुल ने अपने परिवार को बताया था कि उसके दोस्त का जन्मदिन है, इसलिए पार्टी में जाने के कारण उसे घर लौटने में देर हो जाएगी। इस झूठे बहाने की आड़ में वह गुरुग्राम से आई प्रेमिका से मिलने और होटल में रुकने पहुंचा था।
 

साथ आती तो बच जाती बहन... बड़ी बहन ने रो-रोकर खोले कई राज
नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत मृतका की बड़ी बहन ने रो-रोकर कई राज खोले। बड़ी बहन ने बताया कि परिवार में पिता, मां और दो भाई व दो बहन हैं। पिता खेती करते हैं। दो में से एक भाई नोएडा में नौकरी करता है। मृतका दूसरे नंबर की थी। उसने आगरा के कुबेरपुर स्थित एक संस्थान से छह माह पहले तीन माह का नर्सिंग का एक सर्टिफिकेट कोर्स किया था। उसी संस्थान के द्वारा बहन को गुरुग्राम के एक अस्पताल में साक्षात्कार के लिए भेजा गया। वहां साक्षात्कार ठीक नहीं होने के कारण नौकरी नहीं लगी। 

 

इस पर उसकी बहन ने एक कंपनी में नौकरी हासिल कर ली। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए दोनों बहनों ने अपने गांव आने का प्लान बनाया था। बड़ी बहन ने बताया कि उसने छोटी बहन से एक साथ घर चलने को कहा था, लेकिन उसने साथ आने से इन्कार कर दिया। गुरुग्राम में मृतका के साथ उसी के गांव की एक अन्य युवती भी किराए के कमरे पर रहती है। वह उसके साथ आने की बात कह रही थी। मगर बहन उसके साथ बस में सवार नहीं हुई और दूसरी बस से आगरा तक आई। 

आगरा से उसने शिकोहाबाद के लिए बस पकड़ी थी। इस बीच उसकी सैलई, फिरोजाबाद निवासी फूफा से भी बात हुई थी। फूफा ने रात अधिक होने पर उनके घर आने के लिए कहा था। मगर बहन वहां भी नहीं पहुंची थी। बड़ी बहन के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे उसने शिकोहाबाद पहुंचने की जानकारी दी थी। बताया था कि उसकी तबीयत थोड़ी खराब है इसलिए वह एटा रोड पर स्थित अपनी एक सहेली के घर रुक रही है और अगले दिन सुबह गांव पहुंचेगी। वह साथ आती तो बज जाती।
 

आरोपी का मजदूर परिवार बेहाल
आरोपी राहुल यादव का परिवार मजदूर वर्ग से ताल्लुक रखता है। राहुल के पुलिस हिरासत में जाने की खबर मिलते ही उसके परिजन के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे थाने के चक्कर काटने लगे। वहीं मामले की संवेदनशीलता, सुरक्षा कारणों और निष्पक्ष पूछताछ को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने आरोपी राहुल को थाने से हटाकर किसी सुरक्षित व गुप्त स्थान पर शिफ्ट कर दिया है, ताकि उस तक किसी की भी पहुंच न हो सके।

 

पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात रहा तीन थानों का फोर्स, पुलिस अभिरक्षा में गांव भेजा गया शव
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान थाना उत्तर, थाना नसीरपुर और थाना शिकोहाबाद की पुलिस टीम मुस्तैद रही। किसी भी अप्रिय घटना या हंगामे की आशंका को टालने के लिए पुलिस के उच्च अधिकारियों के निर्देशन में पूरा इलाका छावनी में तब्दील रहा। पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नसीरपुर और शिकोहाबाद पुलिस की कड़ी सुरक्षा घेरे में युवती के शव को उसके पैतृक गांव ले जाया गया।

 

पुलिस की रडार पर होटल संचालक
शिकोहाबाद। हाईवे स्थित मईयामई गांव के समीप दुकाननुमा कमरों में अवैध रूप से संचालित होटल का स्टाफ घटना के तुरंत बाद ताला बंद कर फरार हो गया। होटल के कमरे में युवती की हालत बिगड़ने या मौत होने पर संचालक ने पुलिस को कोई सूचना तक नहीं दी। स्थानीय लोगों के अनुसार एक व्यावसायिक इमारत में बने इन छोटे-छोटे दुकाननुमा कमरों को प्रेमी जोड़ों को घंटों के हिसाब से किराए पर दिया जाता था। बिना किसी वैध आईडी या इंद्राज के अवैध रूप से चल रहे इस होटल संचालक पर अब पुलिस का शिकंजा कसना तय माना जा रहा है।
 
विज्ञापन

हम घटना के हर पहलू पर गहनता से जांच कर रहे हैं। पूरी विवेचना वैज्ञानिक दृष्टिकोण से की जा रही है। होटल के कमरे में क्या हुआ, कैसे युवती की जान गई फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है।- अनुज चौधरी, एसपी देहात
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें