युवक को लाठी-डंडे और सरिये से पीटकर किया घायल
आरोपियों ने स्कूटी तोड़ी, परिवार के लोगों को भी पीटा, 8 के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव रुरी निवासी एक युवक और साथी को नामजद लोगों ने लाठी-डंडे और सरिये से पीटकर घायल कर दिया। स्कूटी को भी तोड़ डाला। आरोपियों ने घर में घुसकर परिजन की भी पिटाई की। मामले में सीओ करहल के आदेश पर पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच व तलाश शुरू कर दी है।
कुर्रा क्षेत्र के गांव रुरी निवासी नेम सिंह ने पुलिस को बताया कि 26 अप्रैल की शाम भतीजा दीपांशू खेत से वापस घर लौट रहा था। वह स्कूटी से जब गांव के अंदर पहुंचा तो नीरज के घर के बाहर मिट्टी के ढेर पर स्कूटी फिसल गई। इसी बात को लेकर गांव निवासी नीरज, सुरजीत, आशीष, योगेंद्र और अवनीश ने आकर गाली गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर फावड़ा सरिया और डंडा से हमला कर दीपांशू को घायल कर दिया। बचाने आए जयकेंद्र की भी पिटाई की गई। आरोपियों ने सरिया से स्कूटी में भी तोड़फोड़ कर दी। घायल जब थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए गए। इस बीच अरविंद सिंह, अभिषेक और देवेंद्र सिंह खेत पर आए और नेम सिंह व महेश चंद्र को पीटना शुरू कर दिया। ग्रामीणों को खेत की ओर आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। थाने में शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई। सीओ करहल संतोष कुमार सिंह के आदेश पर पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।