मैनपुरी जिले के थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाबांस में सोमवार की सुबह भूखंड के विवाद में प्रधान के पुत्र ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। फायरिंग और मारपीट में मृतक का चाचा गंभीर से घायल हो गया। एसपी और एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के इलाबांस निवासी सौरभ मिश्रा (26) पुत्र कौशल मिश्रा सोमवार की सुबह चाचा एकलव्य मिश्रा और सुशील मिश्रा और भाई शिवम के साथ घर के पास ही भूखंड पर निर्माण कार्य करा रहे थे। तभी प्रधान उमा देवी, उनके पति प्रदीप सिंह परमार, पुत्र रॉबिन, रजत, अंकुर परमार और सर्वेश निवासी गांव जमथरी के साथ असलहा और लाठी डंडा लेकर वहां आ गए।
प्रधान पक्ष ने भूखंड को अपना बताते हुए गाली-गलौज की और निर्माण कार्य बंद करा दिया। शिवम ने जब विरोध किया तो नामजद लोग मारपीट व फायरिंग करने लगे। इस बीच प्रदीप और रजत ने सौरभ को पकड़ लिया और रॉबिन ने लाइसेंसी राइफल से सीने में गोली मार दी।