मैनपुरी जिले के थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव इलाबांस में सोमवार की सुबह भूखंड के विवाद में प्रधान के पुत्र ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। फायरिंग और मारपीट में मृतक का चाचा गंभीर से घायल हो गया। एसपी और एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के इलाबांस निवासी सौरभ मिश्रा (26) पुत्र कौशल मिश्रा सोमवार की सुबह चाचा एकलव्य मिश्रा और सुशील मिश्रा और भाई शिवम के साथ घर के पास ही भूखंड पर निर्माण कार्य करा रहे थे। तभी प्रधान उमा देवी, उनके पति प्रदीप सिंह परमार, पुत्र रॉबिन, रजत, अंकुर परमार और सर्वेश निवासी गांव जमथरी के साथ असलहा और लाठी डंडा लेकर वहां आ गए।
प्रधान पक्ष ने भूखंड को अपना बताते हुए गाली-गलौज की और निर्माण कार्य बंद करा दिया। शिवम ने जब विरोध किया तो नामजद लोग मारपीट व फायरिंग करने लगे। इस बीच प्रदीप और रजत ने सौरभ को पकड़ लिया और रॉबिन ने लाइसेंसी राइफल से सीने में गोली मार दी।
मौके पर ही सौरभ की मौत
सौरभ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मारपीट में चाचा एकलव्य गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर जब गांव के लोग जमा हुए तो आरोपी वहां से भाग गए। सूचना पर एसपी अजय कुमार पांडेय, एएसपी मधुवन कुमार, सीओ सिटी अभय नरायण राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के भाई शिवम की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान उमा देवी, पति प्रदीप परमार, पुत्र रजत और रॉबिन के साथ सर्वेश निवासी जमथरी, बिछवां व अंकुर पुत्र महावीर निवासी मधपुरी थाना एलाऊ के विरुद्ध हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। प्रधान उमा देवी को छोड़कर सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि भूखंड को लेकर हुए विवाद के चलते युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही ग्राम प्रधान को भी गिरफ्तार किया जाएगा।