फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस हिरासत में युवक की मौत, मां का आरोप- जुर्म कुबूल कराने के लिए पीट पीटकर मार डाला

Fri, 23 Nov 2018 10:38 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
रोती बिलखती मृतक राजू की मां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सिकंदरा पुलिस की हिरासत में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की मां का आरोप है कि पुलिस ने उसकी पिटाई की। उस पर गहने चोरी करने का शक था। उसे जुर्म कबूल कराने के लिए पीटा गया था। इतना ही नहीं युवक को बैगर एफआईआर दर्ज कर हवालात में बंद किया गया था। एसएसपी ने मामले की जांच एसपी पश्चिम को सौंपी है। 

विज्ञापन


स्वर्गीय ओम प्रकाश गुप्ता का पुत्र राजू गुप्ता मां के साथ गैलाना रोड पर किराये के मकान में रहता था। पड़ोस के कारोबारी अंशुल कुमार सिंह के घर से सात लाख कीमत के गहने चोरी हो गए थे। उसने राजू पर शक जताया। पुलिस ने उसे 21 नवंबर को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की। 

पुलिस ने चोरी के शक में राजू गुप्ता को बगैर एफआईआर के ही हवालात में डाल दिया। बाद में उसकी वृद्ध मां रेनू लता गुप्ता को भी थाने में बैठा लिया। उन्हें आठ घंटे हिरासत में रखा गया। शाम को छह बजे बेटे की मौत की जानकारी दिए बगैर पुलिसकर्मी उन्हें अपने वाहन से घर छोड़कर चले आए। बाद में एक दरोगा ने आकर बताया तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।

विज्ञापन

पड़ोसी ने जताया चोरी का शक

मृतक की मां रेनू लता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले एसपी सिंह 17 नवंबर को हरिद्वार जा रहे थे। उनकी पत्नी घर का सामान रख रही थीं। बेटा राजू भी पड़ोसी के घर में टीवी देख रहा था। एसपी सिंह, उनकी पत्नी और बेटा अंशुल सोमवार सुबह लौटकर आए। 

राजू और उसकी मां मथुरा पेंशन से संबंधित कागजात भरने मथुरा गए थे। मंगलवार को एसपी सिंह की पत्नी ने राजू को फोन किया और कहा कि उसके पास घर से चोरी गया गहनों से भरा बैग है। उसे लौटा दे, लेकिन राजू ने बैग के बारे में जानकारी से इंकार कर दिया। रेनू से भी बात की।

उन्होंने भी बैग के बारे में जानकारी होने से इंकार कर दिया। रेनू और राजू बुधवार दोपहर डेढ़ बजे मथुरा से लौटकर आए। शाम पांच बजे राजू घर के बाहर गया था। तभी उसे पुलिस पकड़कर ले गई। मां रेनू लता को यही लगा कि बेटे ने चोरी की होगी। 

मां को भी थाने में बैठाया

गुरुवार सुबह दस बजे पुलिस ने रेनू को भी पकड़ लिया। पुलिस ने कहा कि राजू ने बताया है कि गहने आपके पास हैं। इसलिए गहने दे दो। 11 बजे थाने की हवालात से निकालकर बेटे की उनसे मुलाकात कराई। वो रो रहा था।

उसने बैग के बारे में तब भी इंकार किया। मगर, पुलिस ने सुनी नहीं। शाम को सात बजे पुलिस के वाहन से ही रेनू को घर भेज दिया। रात आठ बजे दरोगा आए। उन्होंने बताया कि राजू की मौत हो गई है। रिश्तेदारों को बुलवा लो। पंचायतनामा भरना है।

घर में राजू इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से मां रेनू लता के आंसू नहीं रुक रहे हैं। पड़ोसी उन्हें किसी तरह संभाल रहे थे। वो रोते हुए यही बात कर रही थीं, बेटे ने कुछ नहीं किया था। फिर भी पुलिस पकड़कर ले गई। पुलिस ने बेटे को छीन लिया। उसकी पिटाई की। अब उनका कोई सहारा नहीं है। 
विज्ञापन

घटना को मीडिया से घंटों छिपाती रही पुलिस

पुलिस हिरासत में मौत की घटना को पुलिस ने घंटों दबाए रखा। थाने में सीओ हरीपर्वत सहित तीन अधिकारी भी आए। घटना के संबंध में किसी तरह की जानकारी मीडिया को नहीं दी गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी को शक में लाया गया था। वो भी जिसके घर में चोरी हुई थी उसी ने थाने लाकर सौंपा था। 

इस संबंध में एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि राजू की मौत की जांच एसपी पश्चिम अखिलेश नारायण को सौंपी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी देखी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें