फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, ट्रामा सेंटर में शव छोड़ भागे पुलिसकर्मी, हत्या का आरोप

Thu, 22 Nov 2018 08:12 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला फिरोजाबाद
विज्ञापन
ट्रामा सेंटर के बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फिरोजाबाद की थाना मक्खनपुर पुलिस की हिरासत में जानलेवा हमले के आरोपी की मौत से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी शव को सरकारी ट्रामा सेंटर लाए और बिना एंट्री कराए गायब हो गए। अस्पताल में डॉक्टर ने शव अज्ञात में दर्ज करके पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। 
विज्ञापन


पुलिस मामले को दबाने के प्रयास में जुटी रही। मामला खुलने पर मृतक के भाई ने मक्खनपुर पुलिस की पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी पर सपा-भाजपा नेता भी थाने पहुंचे। थाने में भीड़ जमा होने और हंगामा होने पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।  

ग्राम चमरौली में 20 नवंबर की शाम अरविंद यादव (45) का गांव के ही निवासी अवनीश यादव से विवाद हो गया। इसी विवाद के दौरान अरविंद ने अवनीश के चाकू मार दिया था। थाना पुलिस ने अरविंद यादव को हिरासत में ले लिया था। इस दौरान अरविंद की हालत खराब हो गई। 
विज्ञापन

ट्रामा सेंटर में शव छोड़ गायब हुए पुलिसकर्मी

थाना पुलिस गुरुवार को सुबह करीब नौ बजे अरविंद को लेकर जिला अस्पताल स्थित सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंची। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया तो पुलिस ने शव की एंट्री कराना भी जरूरी नहीं समझा। पुलिस शव को छोड़कर ट्रामा सेंटर से वापस चली गई। 

पुलिस अफसरों को जब इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अस्पताल में एसपी देहात महेंद्र सिंह, सीओ शिकोहाबाद अजय चौहान व एसएचओ मक्खनपुर सुजात हुसैन सहित काफी फोर्स पहुंचा। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को हुई तो परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के भाई सोपाली यादव का आरोप है 20 नवंबर की शाम को थाना पुलिस अरविंद यादव को अपने साथ ले गई थी। इसके बाद कोई सूचना ही परिवार को नहीं दी। थाना मक्खनपुर पुलिस की पिटाई से मेरे भाई की मौत हुई है। पुलिस अफसरों से मांग है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। 
विज्ञापन

पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप

इस संबंध में एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह ने बताया कि मक्खनपुर पुलिस जानलेवा हमले के आरोपी अरविंद यादव को लेकर आई थी। उसकी तबीयत खराब होने के कारण हास्पिटल में भर्ती कराया था। तबियत खराब होने के कारण उसकी मौत हो गई। 

पत्नी और भाई गांव वालों की पिटाई से मौत की बात कह रहे हैं। शव का पंचायतनामा मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में भरवा कर शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराएंगे। परिजनों के सभी आरोपों की जांच कराएंगे।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें