युवक रातभर शादी समारोह में व्यस्तता होने की वजह से जागता रहा। सुबह करीब 7 बजे वह अपनी पत्नी और बेटी को लेकर बाइक से अपने घर जा रहा था। थाना रिजोर क्षेत्र के बक्शीपुर गांव के पास पहुंचा ही था कि अचानक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
एटा के थाना रिजोर क्षेत्र के बक्शीपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार समेत उसकी पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों लोग शादी समारोह से लौट रह थे। राहगीरों ने एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने बाइक सवार युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं पत्नी और बेटी को भर्ती कर उपचार दिया गया।
विज्ञापन
जिला फिरोजाबाद के थाना एका के गांव गुड़िया निवासी आशीष (35) अपनी पत्नी अनीता और 4 वर्षीय बेटी कामिनी के साथ रविवार को अपनी बुआ की बेटी की शादी में एटा के गांव कुसाड़ी आया हुआ था। रात भर शादी समारोह में व्यस्तता होने की वजह से जागता रहा। सुबह करीब 7 बजे वह अपनी पत्नी और बेटी को लेकर बाइक से अपने घर जा रहा था। थाना रिजोर क्षेत्र के बक्शीपुर गांव के पास पहुंचा ही था कि अचानक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद सड़क किनारे पड़े घायलों पर राहगीरों की नजर पड़ी, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत आशीष को मृत घोषित कर दिया। आशीष की मौत की खबर मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। मृतक के भाई ने बताया कि आशीष शादी समारोह से लौट रहा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है।