फिरोजाबाद में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां थाना फरिहा के अखैपुर में गृह कलह से तंग आकर अधेड़ की संदिग्ध परस्थिति में फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। यहां मृतक के ससुराल पक्ष के लोग एकत्रित हो गए, उनका मृतक के परिजनों से झगड़ा हो गया।
थाना फरिहा के अखैपुर निवासी रमेश सिंह (38) पुत्र नेम सिंह की संदिग्ध परस्थिति में फांसी के फंदे पर झूलने से मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसओ फरिहा सर्वेश कुमार और पुलिस कर्मी गांव पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में मृतक रमेश सिंह के ससुराल पक्ष की महिला और पुरुष पहुंच गए। ये गांव ढोलपुरा के निवासी हैं।
ससुराल पक्ष के लोग मृतक के भाई और परिजनों पर हत्या का आरोप लगा रहे थे। इसी बात को लेकर मृतक के पिता नेम सिंह और उसके ससुराल पक्ष के लोगों के बीच जमकर कहासुनी हो गई। इस दौरान रमेश की पत्नी सीमा का रो-रोकर बुरा हाल था। जबकि सीमा की छोटी बहन कुसुमदेवी बिलखते हुए अचेत हो गई।
एसओ फरिहा सर्वेश कुमार ने कहा वैसे तो रमेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के संबंध में यदि कोई तहरीर आएगी तो मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।