लापता युवक के बारे में जानकारी जुटाती पुलिस।
कुसमरा। चौकी क्षेत्र के गांव देवगंज निवासी युवक ने शनिवार की रात लोअर गंगा नहर पुल पर खड़े होकर परिजन को फोन किया। कहा कि वह नहर में कूदकर खुदकुशी कर रहा है। इतना कहकर फोन काट दिया। परिजन मौके पर पहुंचे तो बाइक और चप्पल नहर किनारे मिले। पुलिस ने लापता हुए युवक की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार की रात देवगंज निवासी पुष्पेंद्र सिंह (22) घर से बाजार आया था। लोअर गंगा नहर ढढौस नहर पुल पर पहुंचकर युवक ने परिजन को फोन कर बताया कि वह नहर में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहा है। उसकी तलाश ना करें। बाइक नहर किनारे पटरी पर खड़ी है। इतना सुनते ही परिजन नहर की तरफ दौड़े और पुल पर जाकर देखा तो बाइक पटरी पर खड़ी मिली।लेकिन युवक नहीं मिला। फोन बंद जा रहा है। परिजन ने बताया कि पुष्पेंद्र दिल्ली में रहकर प्राईवेट नौकरी करता था। दो जुलाई को घर आया था। घर में किसी से कोई झगड़ा या कहासुनी भी नहीं हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजन नहर में कूदने की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। सभी का रो रोकर बुरा हाल है। चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के फोन की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। युवक की तलाश कर रहे हैं। संवाद