कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि डॉक्टर के गलत इंजेक्शन लगाने से युवक की मौत हुई है। लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजन को शांत कराया।
गांव राजपुर निवासी उदयवीर का उपचार अथैया चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में दो दिन से चल रहा था। सोमवार को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजन का आरोप है कि डॉक्टर ने उपचार के दौरान लापरवाही बरती। इसकी वजह से उनके मरीज की मौत हो गई।
परिजन ने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे परिजन को शांत कराया। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और बॉडी घर ले गए। परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।