युवक पत्नी को मायके छोड़कर आया था। फिर कमरे में आकर सो गया। इसके बाद वो नहीं उठा। परिजन जब कमरे में पहुंचे, तो उसकी हालत देख होश उड़ गए। ुसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
आगरा के सुल्तानगंज में शादी के 28 दिन बाद पायल कारीगर बंटी (26) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह पत्नी को मायके छोड़कर आया था। पुलिस का कहना है कि युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। युवक की पत्नी के मायके वालों ने परिवार पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। नवविवाहिता का बुरा हाल है।
विज्ञापन
सुल्तानगंज निवासी बंटी (26) पायल झलाई का काम करता था। उसकी शादी 11 मई को हरीपर्वत थाना क्षेत्र के घटिया से हुई थी। शादी को अभी 28 दिन हुए थे। पुलिस ने बताया कि करीब पांच बजे पत्नी को मायके छोड़कर आया था। वहां से आने के बाद विषाक्त पदार्थ खाकर कमरे में लेट गया। जब देर शाम तक नहीं जागा तो करीब 7 बजे परिजन से बंटी को नींद से उठाने की कोशिश की। वह उठ नहीं पाया।
अनहोनी की आशंका पर परिजन उसे एसएन इमरजेंसी लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने बंटी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पत्नी के साथ ससुराल से अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बंटी के परिजन पर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। थाना पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।
हरीपर्वत थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि परिजन की तरफ से मामले में काई तहरीर नही मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।