फिरोजाबाद जिले में मुंबई से लौटे युवक का शव शनिवार को गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। युवक की जेब में सुसाइड नोट मिला है, जबकि जमीन पर शराब के छह खाली क्वार्टर और चार ग्लास पड़े मिले। हालांकि पुलिस प्राथमिक जांच में आत्महत्या का मामला बता रहा है।
थाना जसराना के गांव घाघऊ कलां निवासी युवक रंजीत उर्फ भोले (20) पुत्र लोकेंद्र सिंह मुंबई में मजदूरी करता था। शुक्रवार को वो घर पर लौटा था। शाम को घर से बाहर चला गया। सुबह ग्रामीणों ने रंजीत का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका देखा।
सूचना मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारा। बेटे का शव देखकर उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कुछ देर बाद सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।