किशनी। थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर के रहने वाले युवक की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक ने खेत में बनी झोपड़ी के अंदर गमछे का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम को भेजा।
गांव दौलतपुर निवासी ब्रह्मानंद कश्यप (24) मंगलवार की सुबह सास को बस में बैठाने के बाद गांव के बाहर बनी झोपड़ी में चला गया। वहां उसने गमछे का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी होने के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। परिजन भी आ गए, ग्रामीणों की माने तो ब्रम्हानंद की सास सोमवार को घर दौलतपुर आई थी। घर आने पर सास से कुछ कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह सास को वापस जाने के लिए बस में बैठाने गया था। संभवत: सास से कहासुनी के चलते ही उसने खुदकुशी कर ली। ब्रहृमानंद के दो बच्चे हैं, उसकी मौत के बाद पत्नी के सामने बच्चों के भरण पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। किशनी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।