कोचिंग सेंटर पर हुए विवाद में युवक को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के स्टेशन रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर पर तीन दिन पूर्व हुए विवाद को लेकर एक युवक की शुक्रवार की देर शाम पिटाई की गई। पीटने वाले पांच आरोपी दो बाइकों पर आए थे।
काेतवाली क्षेत्र में स्टेशन रोड पर कई कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। आए दिन यहां कोई न कोई विवाद होता रहता है। वहीं पुलिस भी यहां निगरानी के नाम पर खानापूर्ति करती है। तीन दिन पूर्व कस्बा कुरावली के रहने वाले एक छात्र का सेंटर पर ही दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शुक्रवार की शाम युवक जब बाइक से कुरावली वापस जा रहा था। तभी आवास विकास कॉलोनी से राधारमन रोड पर निकलते ही दूसरे गुट के युवकों ने रोक लिया। आरोपी पांच युवक दो बाइकों पर सवार होकर आए थे। इन लोगों ने युवक को लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। शोर शराबा सुनकर लाेगों को आता देख आरोपी युवक वहां से भाग निकले। घायल युवक ने बताया कि तीन दिन पहले युवकों से विवाद हुआ था।