सूदखोरों से परेशान युवक ने खुद को गोली मार ली। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सूदखोरों के दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर फाइनेंस कंपनी में कार्यरत युवक ने बुधवार शाम खुद को गोली मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक ने घटना से कुछ मिनट पहले अपने बड़े भाई को व्हाट्सएप मैसेज और लोकेशन भेजकर आत्महत्या की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
रामबाग चौराहे पर राठौर पेटीज के नाम से कुंवर पाल सिंह राठौर की पुरानी दुकान है। उनका बेटा राहुल राठौर फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है। बड़े बेटे विवेक राठौर ने बताया कि राहुल ने सूदखोरों से करीब पांच लाख रुपये उधार लिए हुए था। उसकी मासिक सैलरी 33 हजार रुपये थी, जिसमें से 30 हजार रुपये केवल ब्याज में चला जाता था। बचे तीन हजार में किसी तरह खर्च चलाता था। लगातार मानसिक तनाव, धमकियों और आर्थिक दबाव से वह काफी समय से परेशान था।
बुधवार शाम करीब पांच बजे राहुल झरना नाले के पास पहुंचा और बड़े भाई विवेक को व्हाट्सएप मैसेज कर आत्महत्या की जानकारी दी। इसके बाद उसने दाहिने हाथ से सिर में गोली मार ली। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहुल को गंभीर हालत में गोयल हॉस्पिटल ले जाया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
विज्ञापन
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सूदखोर कौन हैं और किन परिस्थितियों में अवैध हथियार उपलब्ध कराया गया।