भोगांव। थाने की पुलिस ने बुधवार की रात एक सूचना पर छोटी गिहार काॅलोनी मोड़ पर दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। इस कार्रवाई के दौरान युवक के दो साथी भागने में सफल रहे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा है।
बुधवार की देर शाम थाना पुलिस को सूचना मिली कि छोटी गिहार कालोनी के मोड़ पर तीन संदिग्ध युवक संभवत: किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खडे़ हैं। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा ने टीम के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देख वहां खडे़ एक तीनों संदिग्ध भागने लगे। एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कौशलेंद्र उर्फ शेरू निवासी गांव जैतपुर थाना बेवर बताया। उसके कब्जे से पुलिस को एक पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। उसने भागे हुए साथियों के नाम नंदन सिंह निवासी शिव नगर मोटा रोड बेवर और सचिन उर्फ छोटू निवासी गांव बझेरा थाना बकेवर बताया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ भोगांव सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजा गया है। साथियों की तलाश की जा रही है।