मैनपुरी में बिछवां के नगला हिम्मत में खेत पर गए किसान की नलकूप के पास खुले तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला हिम्मत निवासी किसान अभिनंदन सिंह का 26 वर्षीय पुत्र प्रभूदयाल भी खेतीबाड़ी का काम देखता था। मंगलवार की शाम करीब सात बजे वह खेत पर लगे सरकारी नलकूप पर गया था। वहां खुले पड़े बिजली के तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आकर बेसुध होकर गिर गया। आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, तो परिजनों को जानकारी दी।
आनन फानन में परिजन अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन शव को लेकर गांव आ गए। आपसी सहमति के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।