मैनपुरी में थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव चौरासी का सात वर्षीय मासूम शिवम चचेरे भाई के प्रतिशोध की भेंट चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की मानें तो वह अपनी मां की मौत का बदला मृतक के पिता से लेना चाहता था। उसने चचेरी बहन की शादी भी तुड़वाने की कोशिश की थी।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव चौरासी निवासी एबरन सिंह जाटव का सात वर्षीय पुत्र शिवम पांच दिसंबर की शाम घर से लापता हो गया था। अगले दिन उसका शव गांव के समीप झाड़ियों में मिला था। गला घोंटने के साथ ही जमीन पर पटक कर मारा गया था।
इस मामले में मृतक के पिता एबरन सिंह ने गांव निवासी महेंद्र प्रताप उर्फ पिंटू, रिंकू उर्फ प्रशांत और राजू उर्फ राजवीर निवासी गांव बघिरुआ थाना एलाऊ के खिलाफ अगवा कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में जुटी थी।