योग किसी भी उम्र में कर सकते हैं। सुबह जल्दी उठकर योग अभ्यास करें, स्वस्थ और सुंदर बनें।’ योग प्रशिक्षक अजीत सिंह ने बुधवार को आगरा क्लब संस्कार किटी की सदस्यों को यह सलाह दी। महिलाओं ने सूर्य नमस्कार सीखने में अधिक दिलचस्पी दिखाई।
संस्कार किटी की ओर से आगरा क्लब परिसर में बुधवार से पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। पहले दिन प्रशिक्षक ने सदस्यों को योग करने के लाभ बताए। साथ ही ताड़ासन और सूर्य नमस्कार आदि क्रियाएं भी सिखाईं। सूर्य नमस्कार पहली बार समझ में न आने पर दोबारा पूछा। शिविर की संचालिका राजश्री मिश्रा ने देश में योग क्रांति लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। योग सीखने वालों में सरोज मिश्रा, वीनू, चित्रा, प्रियंका, रितु, रानी, शकुंतला मदान, नीलम शर्मा, दिशा आदि मौजूद रहीं।
योग के लिए एकजुट होगा शहर
आगरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आगरा कॉलेज मैदान में सामाजिक समरसता दिखेगी। सभी धर्म और समुदाय के लोगों को जोड़ने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। आगरा कॉलेज के गंगाधर शास्त्री हॉल में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजन समिति, आगरा की बैठक में दो दर्जन से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। विभिन्न धर्मों से जुड़े लोग भी बैठक में आए। तय किया गया कि वे 21 जून को आगरा कॉलेज मैदान पर होने वाले मुख्य योग शिविर में अधिक से अधिक लोगों को लेकर आएं। इसके लिए अभियान चलाकर लोगों को प्रेरित करें। जिस क्षेत्र या समुदाय के डेढ़ हजार से अधिक लोग आएंगे, उन्हें आयोजन स्थल पर अलग से एक ब्लॉक दिया जाएगा। भारत विकास परिषद से बसंत गुप्ता, ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन से वीरेंद्र गुप्ता, पंजाबी एसोसिएशन से जवाहर डाबर, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन से राकेश चौहान, पंजाबी सभा से बंटी ग्रोवर, आईएमए से डा. संदीप अग्रवाल, अखिल भारतीय महिला परिषद से डा. पारुल अग्रवाल, टैक्सेशन बार से सुभाष अग्रवाल, अधिवक्ता परिषद से राजेश कुलश्रेष्ठ, रोटरी क्लब से दिगंबर सिंह धाकरे, सिख समाज से दलजीत सिंह तेतिया, सिंधी पंचायत से संजय हिंगोरानी, आगरा टैक्सी एसोसिएशन से अकील अहमद, नेशनल मेडिको ऑर्गनाइजेशन के डा. पवन गुप्ता, आरोग्य भारती के डा. योगेश समेत अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि व रानी सरोज गौरिहार, अशोक कुलश्रेष्ठ, विजय गोयल, सुधीर नारायण, रविंद्र पाल सिंह टिम्मा आदि मौजूद रहे। संचालन डा. तरुण शर्मा और डा. अमित अग्रवाल ने किया।
गूगल प्ले, सोशल मीडिया पर छाया ‘योग’
आगरा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इंटरनेट और सोशल मीडिया पर भी छाया हुआ है। योग के नाम पर गूगल प्ले स्टोर पर सैकड़ों एंड्रायड एप्लीकेशन हैं, जिन्हें डाउनलोड किया जा रहा है। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर योग दिवस के प्रचार की धूम मची हुई है।फेसबुक, व्हाट्स एप, हाइक, ट्विटर समेत सोशल मीडिया पर 21 जून को होने वाले योग दिवस का प्रचार तेजी से चल रहा है। योग करने वाले अपने फोटो के साथ योग दिवस में शरीक होने की अपील भी कर रहे हैं। सुबह आठ बजे के बाद फेसबुक और व्हाट्सएप के ग्रुप पर योग दिवस के लिए आमंत्रण पत्र तक अपलोड हो रहे हैं। योग दिवस के प्रचार का असर है कि मोबाइल पर गूगल प्ले स्टोर से योग के बारे में एप्लीकेशन डाउनलोड करने वालों की तादात भी बढ़ी है। प्ले स्टोर में डेली योग, योग एंड हेल्थ टिप्स, योगासन, 300 इंर्पोटेंट योग, रामदेव योग-2, योगा फॉर ऑल, मार्निंग योगा, रामदेव योगा, योग फॉर वेट लॉस, सूर्य नमस्कार योग समेत हजारों एप्लीकेशन हैं। इसके अलावा चाइनीज भाषा के टाइटिल वाले सैकड़ों एंड्रायड एप्लीकेशन गूगल प्ले स्टोर में योग की शान में कसीदे काढ़ते नजर आ रहे हैं।
यूपी रोडवेज बसों पर प्रचार
केंद्र सरकार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सुबह योग कार्यक्रम कराने में पूरी तरह से जुटी हुई है। प्रदेश सरकार योग को ऐच्छिक बेशक बता रही हो, लेकिन यूपी रोडवेज की बसों पर योग दिवस का प्रचार किया जा रहा है। बसों के बाहर विज्ञापन से लेकर बसों के अंदर भी पोस्टर लगाए गए हैं।