भारतीय जनता पार्टी के गुरुवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। भगवान टाकीज से कलक्ट्रेट तिराहे तक जुलूस निकाले जाने के दौरान ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। इससे एमजी रोड पर निकलने वाले लोग जरा संभलकर निकलें। इस दौरान भगवान टाकीज से लेकर कलक्ट्रेट तिराहे तक सड़कों के दोनों ओर पुलिस बल तैनात रहेगा। कलक्ट्रेट को भी छावनी बना दिया जाएगा।
एसपी सिटी ने बताया कि एमजी रोड पर जुलूस निकाले जाने के दौरान भगवान टाकीज, सूरसदन तिराहा, हरीपर्वत, सेंट जोंस, राजा मंडी, धाकरान, नालबंद और पुलिस लाइन रोड की ओर से रूट डायवर्जन किया जाएगा। इसके लिए चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ ही थानों की पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान एमजी रोड पर ट्रैफिक नहीं जाने दिया जाएगा।
एमजी रोड पर लोग जाम नहीं फंसे, इसके लिए भगवान टाकीज और कलक्ट्रेट तिराहे से ही वाहनों को डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद लिंक रोड पर भी डायवर्जन रहेगा। ये डायवर्जन प्रदर्शन की समाप्ति तक रहेगा। उधर, देर शाम एसएसपी राजेश डी. मोदक ने पुलिस अधिकारियों के साथ मंत्रणा करके दिशा निर्देश दिए।
पुलिस और पीएसी की तैनाती
दो पुलिस अधीक्षक, छह सीओ, 15 इंस्पेक्टर, 25 सब इंस्पेक्टर, दो प्लाटून पीएसी, 25 महिला कांस्टेबिल, घुड़सवार पुलिस के जवान, टीयर गैस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की तैनाती रहेगी। एसपी सिटी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के वाहनों की पार्किंग जीआईसी ग्राउंड और बैपटिस्ट स्कूल परिसर में की गई है।