फतेहाबाद के कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में महर्षि दयानंद आर्य संस्थान और आर्य समाज आगरा के तत्वावधान में आयोजित कन्या चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास शिविर शुक्रवार को भी जारी रहा। इसमें स्वामी इंद्रवेश विद्यापीठ आश्रम टिटौली रोहतक से आई पूनम आर्या ने कहा कि योग से मनुष्य में समता का भाव पैदा हो जाता है। मानसिक दृढ़ता, कार्य क्षमता और दक्षता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि नारी पर समाज की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए महिलाओं को योग को प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। शिविर संयोजक प्रवेश आर्या, रमाकांत सारस्वत ने बताया कि शिविर के माध्यम से बच्चों में संस्कार निर्माण, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना भरी जा रही है। कार्यक्रम में चंद्रकांत यादव, अरविंद मेहता, तुलसीराम आर्य, अश्विनी दुबे, नेमीचंद, डॉ. विरेन्द्र खंडेलवाल, गुलाब सिंह, राजकुमारी आर्या का सहयोग रहा। वहीं, जनता इंटर कालेज में चल रहे शिविर में विदिशा मध्यप्रदेश से आये सुरेश आर्य एवं राजकुमार आर्य ने योग क्रियाओं के साथ आत्मरक्षा के गुर भी सिखाये। इस दौरान रामनरेश अग्निहोत्री, प्रकाश चंद्र गोलस, रमेश चंद्र पालीवाल, रामप्रकाश गुप्ता मौजूद रहे।
फतेहपुर सीकरी में योग सप्ताह के दौरान मंगलम करोति संस्था के तत्वावधान में बड़ी बगीची मंदिर परिसर में शुक्रवार को योग प्रशिक्षक सुमेश गोयल ने अभ्यास कराया। संस्था 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कृष्ण वाटिका स्टेशन रोड पर सुबह छह बजे विशेष शिविर लगाएगी। आरएसएस और सेवा भारती के कार्यकर्ता 21 जून को सुबह साढ़े छह बजे आरएसएस ग्राउण्ड में योग करेंगे। यह जानकारी नगर संघ चालक मंगल सेन मित्तल व नगर कार्यवाह संतोष राजपूत ने दी है। बाह में 21 जून को भदावर महाविद्यालय में विशेष शिविर लगेगा। यह जानकारी योग शिक्षक राधेश्याम गुप्ता ने दी है।
आयुर्वेद चिकित्सा विभाग लगाएगा योग शिविर
आवास विकास पार्क में होगा आयोजन, प्रशिक्षकों का रजिस्ट्रेशन शुरू
आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा विभाग विश्व योग दिवस के मौके पर 21 जून को आवास विकास पार्क में विशाल योग शिविर आयोजित करेगा। इसमें चिकित्सकों, छात्र-छात्राओं के अलावा सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया गया है। स्कूलों में योग और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए इस बार बिचपुरी और फतेहाबाद ब्लाक चुने गए हैं। इनमें प्राइमरी स्कूलों में आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति बच्चों और उनके अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। ये अभियान चार जुलाई से शुरू होगा। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्साधिकारी डा. बीबी यादव ने बताया कि योग का प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों से आवेदन मांगे गए हैं। शिविर में सभी आमंत्रित हैं। स्कूलों में आयुर्वेद चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए पूरे शैक्षणिक सत्र में कार्यक्रम होंगे।
योग शिविर में 250 लोगों ने किया प्रतिभाग
अखिल विश्व गायत्री परिवार की शाखा गायत्री युवा मंडल, आगरा की ओर से चल रहे योग शिविर के तीसरे दिन लगभग 250 लोगों ने प्रतिभाग किया। आवास विकास सेक्टर 2, सिकंदरा स्थित सूरवाटिका में हो रहे इस शिविर में शुक्रवार को सुबह पांच बजे से लोगों को आसन, प्राणायाम, ध्यान का प्रशिक्षण दिया। गायत्री परिवार, शांतिकुंज के प्रतिनिधि डा. ओपी गुप्ता ने लोगों को प्रशिक्षण दिया। डा. अरविंद मिश्र के अनुसार शिविर 21 जून तक चलेगा। शिविर में द्वारिका प्रसाद, मदन मोहन शर्मा, एके शर्मा, रामबेटी मिश्र, पवन मिश्रा, सुमन लता गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आगरा कालेज में 1000 छात्र करेंगे योग
कालेज में 21 जून को विशाल योग शिविर लगेगा। इसमें एनसीसी कैडेट और छात्र-छात्राएं होंगे। पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षक योग का अभ्यास कराएंगे। मीडिया प्रभारी डा. अमित अग्रवाल ने बताया कि शिविर मुख्य कैंपस में लगेगा, शिविर में कोई भी भाग ले सकता है। 20 जून को इसका रिहर्सल होगा।
नाद योग की प्रस्तुति 19 को
विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में पं. रघुनाथ तलेगांवकर फाउंडेशन ट्रस्ट एवं संगीत कला केंद्र की ओर से 19 जून को नागरी प्रचारिणी के मानस भवन में ‘नाद योग’ का आयोजन होगा। कोलकाता के युवा सितार वादक कल्याण मजूमदार प्रस्तुति देंगे। संगीत कला केंद्र के प्रशिक्षु वैदिक संगीत के रूप में नाद योग का प्रस्तुत करेंगे। यह जानकारी केशव तलेगांवकर ने दी।