आगरा। शीतलहर व घने कोहरे का यलो अलर्ट होने की वजह से शिक्षा विभाग ने जिले के सभी स्कूलों में सोमवार और मंगलवार को छुट्टी के आदेश जारी किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि शून्य दृश्यता और घने कोहरे की आशंका के चलते जिलाधिकारी के निर्देश पर नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि स्पष्ट किया गया है कि जिन विद्यालयों में प्री बोर्ड एवं प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तैयारी चल रही है, वह जारी रहेगी।
वहीं, कड़ाके की ठंड के बीच विभाग के आदेश के बाद स्कूलों ने ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने के मैसेज भेजने भी शुरू कर दिए। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही मौसम विज्ञान विभाग ने 12 व 13 जनवरी को घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।