आगरा में यमुना फिर उफान पर आ गई है। शनिवार रात आठ बजे वॉटर वर्क्स पर जलस्तर चेतावनी बिंदु से साढ़े तीन इंच ऊपर निकलकर 495.3 फीट पहुंच गया। शनिवार सुबह मथुरा स्थित गोकुल बैराज से यमुना में 90,483 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसका असर तटवर्ती इलाकों में रविवार सुबह से नजर आएगा।
पिछले सप्ताह यमुना का जलस्तर 496 फीट तक पहुंच गया था। इससे करीब 500 बीघा फसल जलमग्न हो गई थी। कुछ दिन थमने के बाद शुक्रवार रात से यमुना में फिर उफान शुरू हो गया। शुक्रवार को यमुना में 77,107 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। वहीं शनिवार को 90,483 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पिछले 24 घंटे में यमुना का जलस्तर करीब छह इंच बढ़ा है।
बाढ़ नियंत्रण प्रभारी एवं एडीएम वित्त शुभांगी शुक्ला ने बताया कि यमुना किनारे स्थित बाढ़ चौकियों पर अलर्ट जारी किया है। हर घंटे जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। बाढ़ की आशंका नहीं है, लेकिन निचले इलाकों में खेतों में पानी भर सकता है। उन्होंने कहा कि लोग नदी किनारे न जाएं। नावों का संचालन भी बंद है। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण हैं। यमुना का चेतावनी स्तर 495 फीट पर है।
ताजेवाला बैराज से छोड़ा 49,553 क्यूसेक पानी
गोकुल बैराज के अलावा यमुना नदी पर बने हथिनीकुंड यानी ताजेवाला बैराज से शनिवार सुबह 49,553 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। ओखला बैराज से 40,216 क्यूसेक पानी छोड़ा गया गया। उधर, पिनाहट में चंबल का जलस्तर 119 मीटर है। चंबल में बाढ़ का खतरा 130 मीटर पर है।
ये भी पढ़ें-
UP: वैष्णो देवी दर्शन के लिए गए थे...ताबूत में लाैटे, चार लाशों को देख फट पड़ा कलेजा; हर किसी की आंखें हुईं नम