कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए शासन और प्रशासन तमाम व्यवस्थाएं करने में जुटा हुआ है। आगरा एवं गौतमबुद्धनगर समेत उत्तर प्रदेश के 16 जिलों को लॉकडाउन कर दिया गया है। सोमवार को यमुना एक्सप्रेसवे को भी बंद कर दिया गया है।
मथुरा के राया इंटरचेंज, वृंदावन कट, बाजना कट एवं मांट टोल पर बैरियर लगाकर वाहन रोकने के लिए पुलिस को तैनात किया गया है, जिससे आगरा एवं नोएडा की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। अब सिर्फ एंबुलेंस समेत इमरजेंसी वाहनों को ही निकाला जा रहा है।
जनता कर्फ्यू के बाद रविवार को प्रदेश सरकार ने आगरा एवं गौतमबुद्धनगर को लॉकडाउन कर दिया। इन दोनों शहर में यमुना एक्सप्रेसवे से बड़ी संख्या में वाहन जाते हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर सोमवार को टोल प्लाजा पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरियर लगाकर पुलिस तैनात कर दी है।
टोल ऑपरेशन मैनेजर सैय्यद रफी अहमद रिजवी ने बताया कि पुलिस ने बैरियर लगाकर यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। टोल चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि आगामी आदेश तक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रोक लगाई गई है।