एक्सप्रेस वे पर सोमवार तड़के हुए बस हादसे में मौत की बड़ी वजह सिर में चोट रही। 28 शवों का पोस्टमार्टम सोमवार और एक का मंगलवार की सुबह हुआ। 17 यात्रियों की मौत सिर में चोट लगने से होना पाया गया तो 12 की डूबने की वजह से जान गई। झरना नाले में गिरी बस में 29 की मौत हो गई थी।
रिपोर्ट में सिर-दिमाग, छाती, पेट, पैरों में चोटें हैं। पसलियां भी टूटी मिलीं। अधिकांश की मौत की वजह सिर में चोट लगने और रक्त बहना पाई गई। 12 यात्री ऐसे भी रहे, जिनकी पानी में दम घुटने से जान गई।
इनके सिर और छाती में चोट लगी हैं। सिर, दिमाग में चोट लगने से बेहोश हो गए और पानी से बाहर नहीं निकल पाए। इसके चलते उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों का मानना है कि सिर में चोट नहीं लगती तो यह बचाव की मुद्रा में रहते और मौत का आंकड़ा कम हो सकता था।