आगरा। विश्व बास्केटबॉल दिवस 21 दिसंबर को है। बीते एक दशक में देश में बास्केटबॉल की दशा और दिशा पूरी तरह बदल चुकी है। एक समय था जब भारत को एशियाई प्रतियोगिताओं के लिए क्वालिफाई करने में भी संघर्ष करना पड़ता था। अब भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें एशियाई स्तर की प्रतियोगिताएं क्वालिफाई कर रही हैं। आगरा जिले की बास्केटबॉल टीम उत्तर प्रदेश में एक अहम स्तंभ के रूप में उभरी है।उत्तर प्रदेश की बास्केटबॉल टीमें सब जूनियर, जूनियर, यूथ और सीनियर सभी वर्गों में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो चुकी हैं। लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और कई खिलाड़ी भारतीय टीम तक पहुंचे हैं। यूथ और जूनियर वर्ग में भी आगरा की टीमें नियमित रूप से पहले चार स्थानों में रहती हैं। सीनियर बालिका वर्ग में आगरा की टीम पहले दो स्थानों में रही है, जबकि सीनियर पुरुष वर्ग में टीम लगातार टॉप-6 में अपनी जगह बनाए हुए है।
भारतीय टीम तक पहुंच रहे खिलाड़ी
उत्तर प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने भारतीय टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन किया है। विशेष रघुवंशी भारतीय टीम के कप्तान रह चुके हैं। वर्तमान में कुशल और हर्ष डागर भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भारतीय टीम के स्तर पर अर्जुन कृष्ण, अरविंद, प्रिंस, प्रणव और मनजोत जैसे खिलाड़ी लगातार प्रभावशाली खेल दिखा रहे हैं। वहीं महिला वर्ग में वैष्णवी यादव, पूनम चतुर्वेदी और अनुष्का भारतीय टीम की ओर से निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं।
जिले के उभरते चेहरे आगरा के आशीष चौहान का हाल ही में सीनियर नेशनल के लिए उत्तर प्रदेश टीम में चयन हुआ है। वैशाली, वंदना, प्रज्ञा सिंह और अमन जैसे खिलाड़ी भी विभिन्न स्तरों पर नाम रोशन कर रहे हैं। स्कूल नेशनल स्तर पर भी आगरा की मजबूत मौजूदगी है। हर साल 5-6 बालक और 5-6 बालिकाएं स्कूल नेशनल बास्केटबॉल में प्रतिभाग कर रही हैं।
कॅरिअर का बना माध्यम
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल संघ के संयुक्त सचिव रीनेश मित्तल का कहना है कि आगरा में बास्केटबॉल अब सिर्फ खेल नहीं, बल्कि कॅरिअर का माध्यम बन चुका है। प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा बच्चे इस खेल से जुड़ें और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें। आगरा बास्केटबॉल संघ खेल को लगातार बढ़ावा दे रहा है। कई खिलाड़ियों को सीआईएसएफ, यूपी पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी मिल चुकी है। आगरा बास्केटबॉल संघ से जुड़े कई निर्णायक (रेफरी) राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार सेवाएं दे रहे हैं।
अभय चौहान: स्मृतियों में जिंदा कप्तान
अभय चौहान, सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज की बास्केटबॉल टीम के कप्तान रहे। उन्हें वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में खेलने का अवसर मिला था। 1 मार्च 2003 को जन्मे अभय का 29 जुलाई 2023 को ब्रेन हेमरेज के कारण असामयिक निधन हो गया। अभय की स्मृति को जीवित रखने के लिए सेंट कॉनरेड्स स्कूल की स्पोर्ट्स टीम के सहयोग से उनके पिता शरद चौहान हर वर्ष जिला स्तरीय बालक-बालिका बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन करते हैं।
स्कूल स्तर से तैयार हो रही नींव
हरेंद्र प्रताप शर्मा (हैप्पी), बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (ए पैनल) के निर्णायक और सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज के खेल शिक्षक हैं। उनका कहना है कि आगरा में बास्केटबॉल का भविष्य उज्ज्वल है। स्कूल स्तर से मजबूत नींव तैयार हो रही है।