आगरा किला में लाइट एंड साउंड शो के दौरान की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
ताजमहल की टिकट पर 52 करोड़ रुपये से ज्यादा का पथकर वसूला जा रहा है, लेकिन ताजमहल के पास पर्यटन विकास की योजनाओं के लिए विश्व बैंक से कर्ज लेने की फिर तैयारी हो चुकी है। 63 करोड़ रुपये की लागत से चार योजनाओं को विश्व बैंक के प्रो-पूअर प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है।
ताजनगरी में विश्व बैंक से कर्ज लेकर प्रो पूअर की दो योजनाओं पर पहले ही काम चल रहा है, जिन पर 38 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। इनमें कछपुरा में पार्किंग, विजिटर सेंटर का निर्माण है तो किले और ताज के बीच वॉक वे का निर्माण किया जा रहा है।
प्रो-पूअर प्रोजेक्ट में आगरा किले के लाइट एंड साउंड शो के लिए 12.70 करोड़, ताजखेमा के लिए 14.65 करोड़, मुगल म्यूजियम सेंटर के लिए 18.86 करोड़, कछपुरा आर्टिजन सेंटर के लिए 16.89 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है।