आगरा में हाईवे स्थित जूता फैक्ट्री में मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद श्रमिकों ने हंगामा शुरू कर दिया। लोग मुआवजे की मांग कर रहे थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बता दें कि आगरा के खंदारी में आईएसबीटी के सामने गुप्ता ओवरसीज नाम से जूते की फैक्ट्री है। फैक्ट्री में हजारों मजूदर काम करते हैं। गुरुवार को फिटर कारीगर राजेश कुमार सुबह फैक्ट्री पहुंचे थे। यहां काम करने के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह बात फैक्ट्री में काम कर रहे श्रमिकों को पता लगी तो सभी काम बंद करके बाहर आ गए और हंगामा शुरू हो गया। कारीगर की मौत की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मृतक के परिवारीजन भी आ गए। श्रमिकों ने फैक्ट्री मालिक से मुआवजे की मांग की। इसे लेकर ही काफी देर नारेबाजी होती रही।