मैनपुरी। शहर की बदहाल सड़कों की मरम्मत का कार्य नगर पालिका प्रशासन की ओर से शुरू करा दिया गया है। जल्द ही शहर के लोग आसानी से अपने घरों तक पहुंच सकेंगे। नगर पालिका ने नये वार्ड जहां कच्ची गलियां हैं वहां भी सीसी सड़क के साथ नाली निर्माण का निर्णय लिया है।
शहर के कई मोहल्लों में सड़कें उखड़ी पड़ी हैं। नगर पालिका प्रशासन ने इन उखड़ी और गड्ढा युक्त सड़कों की मरम्मत का कराने का निर्णय लिया है। इसकी शुरूआत शहर के मोहल्ला आवास विकास से की गई है। चेयरमैन संगीता गुप्ता ने बताया कि शहर के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही शहर के सभी मोहल्लों की सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा कराया जाएगा। वहीं जिन नये मोहल्लों में गलियां कच्ची हैं वहां सीसी सड़क के साथ पानी निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जाएगा।