मैनपुरी। पंचायत राज विभाग की ओर से 14 नवंबर को लखनऊ में बेहतर कार्य करने वाले प्रधानों का सम्मानित किया जाएगा। जिले के बेवर विकास खंड के गांव रामपुर सैदपुर की महिला ग्राम प्रधान भी शामिल हैं। जिला पंचायत राज की ओर से नाम भेजा गया है, महिला प्रधान लगातार 25 सालों से गांव में विकास कार्यों व सुधारीकरण करा रही है।
प्रदेश के सभी जिलों से महिला प्रधान का नाम मांगा गया था। जिला पंचायत राज विभाग की ओर से 549 ग्राम पंचायतों में तलाश शुरू की गई थी, अब तलाश पूरी हो चुकी है। रामपुर सैदपुर की महिला ग्राम प्रधान अनीता देवी (52) का नाम सम्मान के लिए लखनऊ भेजा गया है। अनीता देवी वर्ष 1995 से लगातार ग्राम प्रधान हैं। उनके विकास कार्यों से ग्रामीण संतुष्ट हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लगातार 25 सालों से अनीता देवी प्रधान पद पर हैं। वहीं साफ स्वच्छ छवि और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी कभी कोई सवाल नहीं उठे हैं। अनीता देवी गांव की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनी हैं। वह एक किसान परिवार से हैं।
राष्ट्रपति पुरस्कार से हो चुकीं हैं सम्मानित
महिला ग्राम प्रधान अनीता देवी ने बताया कि उनकी उपलब्धियों में पति अशोक कुमार का साथ रहा है। बेटों और बेटी ने भी हौंसला बढ़ाने का काम किया। उन्होंने निस्वार्थ भाव से अपनी जिम्मेदारी निभाई है। वह निर्मल ग्राम के तहत राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं।