मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में चार साल की बालिका से दुष्कर्म के मुकदमे की सुनवाई चार महीने में पूरी हो गई है। सोमवार को दोनों पक्षों की ओर से बहस की गई। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जितेंद्र मिश्रा ने फैसला सुनाने के लिए 21 नवंबर की तारीख तय की है।थाना एलाऊ क्षेत्र के एक गांव की चार साल की बालिका के साथ संदीप निवासी रनसिंहपुर थाना रसूलाबाद जिला कानपुर देहात ने 12 अप्रैल 2025 को खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया था। संदीप अपनी रिश्तेदारी में रहता था। बालिका के पिता ने संदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मिशन शक्ति के तहत मुकदमे की सुनवाई त्वरित गति से स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जितेंद्र मिश्रा के न्यायालय में की गई। अभियोजन पक्ष की ओर से वादी, पीड़िता, पीड़िता की चाची, विवेचक, डॉक्टर, जीडी राइटर की गवाही कराई गई। सोमवार को पीड़ित पक्ष सहित आरोपी पक्ष की ओर से बहस की गई।