आगरा। सिकंदरा के आवास-विकास कॉलोनी स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टानिका महापर्व पर मंगलवार को श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को पहले दिन भव्य घट यात्रा निकाली गई।
यात्रा जैन मंदिर सेक्टर-7 से शुरू होकर सेक्टर-10, पुलिस चौकी सेक्टर-4 होते हुए यहीं स्थित जैन मंदिर पर संपन्न हुई। बाल ब्रह्मचारी पीयूष शास्त्री के सानिध्य में धार्मिक क्रियाएं पूर्ण कराई गईं। घटयात्रा में सबसे आगे ढोल-नगाड़ों के साथ महिलाएं 108 कलश लेकर चल रही थीं। इंद्र-इंद्राणियों के रूप में सजे श्रद्धालु बग्गियों पर सवार थे। इस अवसर पर समिति के हीरालाल बैनाड़ा, अध्यक्ष राजेश बैनाड़ा, महामंत्री विजय जैन निमोरब, कोषाध्यक्ष मगन कुमार जैन, महेश चंद जैन, अनिल आदर्श जैन, मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, सतेंद्र जैन आदि मौजूद रहे। मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने बताया कि बुधवार को सुबह 8:30 बजे से शांतिधारा एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा।