शमसाबाद। कस्बे के आगरा रोड पर स्थित जमीन पर कब्जा पाने के लिए सोमवार को महिलाएं धरने पर बैठ गईं। सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह और तहसीलदार ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया।
शमसाबाद कस्बे के आगरा रोड निवासी आकाश और विशाल का उनकी बुआ मधु देवी निवासी फतेहाबाद, अंजू गुप्ता निवासी वाराणसी, मंजू गुप्ता निवासी देहरादून आदि से पैतृक जमीन का विवाद चल रहा है। महिलाओं ने बताया कि कई बार की शिकायत के बाद एसडीएम के आदेश पर सोमवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस के साथ जमीन की पैमाइश करने पहुंची। कुछ देर बाद पैमाइश बंद करके टीम वापस चली गई। आरोप है कि पैमाइश पूरी करने की कहने पर भी टीम ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद महिलाएं वहीं धरने पर बैठ गईं। सूचना पर पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह और तहसीलदार फतेहाबाद मौके पर पहुंचे। पूर्व विधायक ने समझा बुझाकर धरना समाप्त कराया।