आगरा में यमुना पार से लेकर सुभाष पार्क, लोहामंडी और केदार नगर तक पानी सप्लाई ठप है। पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों के धैर्य का बांध गर्मी में टूट रहा है। बृहस्पतिवार को ट्रांस यमुना में महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। जलापूर्ति बहाल नहीं होने पर जलकल मुख्यालय और कलेक्ट्रेट घेराव का ऐलान किया है।
यमुना पार स्थित मोती महल, भगवती बाग, राधे नगर, इस्लाम नगर, नारायच और प्रकाश नगर सहित कई इलाकों में पानी नहीं आ रहा। बृहस्पतिवार को प्रभावित लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया। महिलाएं बाल्टी व अन्य खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया। जलकल विभाग पर पेयजल आपूर्ति में भ्रष्टाचार और मनमानी के आरोप लगाए। क्षेत्रीय निवासी राममोहन ने बताया कि भगवती बाग, फाउंड्री नगर, टेढ़ी बगिया, ट्रांस यमुना और आसपास के क्षेत्रों में गंभीर जल संकट है। करीब एक लाख से अधिक आबादी प्रभावित है। जलकल विभाग के टैंकर भी नहीं पहुंचे।