डीएम की गाड़ी के आगे बैठीं महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में सरकारी प्राइमरी स्कूल की छात्रा की मौत के मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इससे मृतका के परिवारवालों में आक्रोश है। शुक्रवार को परिवार की महिलाओं ने जिला अस्पताल में हंगामा कर दिया।
रिपोर्ट दर्ज न होने पर भड़कीं महिलाएं जिला अस्पताल में खड़ी जिलाधिकारी की गाड़ी के आगे बैठ गईं। उस वक्त गाड़ी में जिलाधिकारी नहीं थीं। महिलाओं ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
महिलाओं ने कहा कि पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज की है, और न ही अभी पोस्टमार्टम हुआ है। छात्रा की मां ने कहा कि थाने में स्कूल के शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दी है, लेकिन पुलिस मामला दर्ज करने की बजाय थाने से भगा रही है।
टापा खुर्द के परिषदीय स्कूल में नौ वर्षीय छात्रा सुहानी गोस्वामी की करंट लगने से मौत हो गई थी। सुहानी कक्षा तीन में पढ़ती थी। गुरुवार को वो स्कूल पढ़ने के लिए गई थी। स्कूल का टॉयलेट गंदा होने के कारण सुहानी बाहर गली में टॉयलेट करने चली गई थी।
गली में नाली किनारे बिजली का तार टूटा पड़ा था, जिसकी चपेट में छात्रा आ गई। इससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। परिजन घटना के लिए स्कूल के शिक्षकों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।