पिछले लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे खेरागढ़ तहसील के कई गांवों के लोगों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मटके फोड़कर समस्या के समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र से गुजरने वाली नहरों की सफाई और उनमें पानी छोड़ने के साथ ही खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराने की मांग की। किसान संघर्ष समिति, विकास खंड सैंया, तहसील खेरागढ़ के बैनर तले कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वीरई-सिकंदरपुर नहर की सफाई की मांग रखी। इसके अलावा गांव सोरा में नहर पर रोक लगाई गई थी, इसे कुछ किसानों ने तोड़ दिया था। प्रदर्शनकारियों ने इस पर फिर से रोक लगाने की मांग की। गांव छारी में हैंडपंपों को रीबोर कराने की मांग की। लोगों ने लगभग एक घंटे तक कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद एसीएम प्रथम को ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेता प्रेमचंद कुशवाह, मनोज गुप्ता, मोहिनी कुशवाह, योगेश कुशवाह, मनोज विमल आदि मौजूद थे। इधर, खेरागढ़ में समिति का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा।
गलियों के जलभराव पर भड़के बसपा विधायक
ताजमहल के पास नगला परसौती, नरीपुरा, महादेव नगर, नगला टीन, बसई खुर्द, ख्वासपुरा, नगला प्यारे, नगला मेहंदी में गलियों में जलभराव की समस्या पर बसपा विधायक गुटियारी लाल दुवेश नगर ने मंगलवार को नगर निगम में प्रदर्शन किया, लेकिन तीनों ही आला अधिकारियों के गायब रहने पर विधायक भड़क गए और एक सप्ताह में गलियों में काम शुरू न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। विधायक समर्थकों और जनता के साथ मंगलवार दोपहर को नगर निगम पहुंचे, लेकिन नगर आयुक्त कार्यालय में उन्हें कोई न मिला। नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त के न मिलने पर उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह में जलभराव की समस्या का निदान न हुआ तो वह प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। वह दो साल से डीएम, नगर निगम, डूडा को पत्र लिखकर छावनी की समस्या दूर करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में काम नहीं कराए जा रहे। केंद्रीय मंत्री के साथ स्वच्छ भारत मिशन की बैठक में भी तीन महीने में शौचालय बनवाने का वादा डीएम और नगर आयुक्त कर चुके हैं, लेकिन बनाए नहीं गए। टपलू के प्रस्ताव भेजे शासन छावनी क्षेत्र से सपा के घोषित प्रत्याशी चंद्रसेन टपलू ने ताजगंज परियोजना के तहत ही बची रकम से अपने क्षेत्रों में विकास कार्य कराने का प्रस्ताव यूपी टूरिज्म को सौंपा था, जिसे शासन को भेज दिया गया। बसपा विधायक ने जिन गलियों, मोहल्लों में काम कराने की मांग की, उन्हीं गलियों में विकास कार्य के प्रस्ताव टपलू ने भेजे हैं। इसी को लेकर बसपा विधायक परेशान हैं।
बीमारियों का सबब बन रहा दहतोरा का गंदा तालाब
दहतोरा गांव के तालाब की सफाई की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने विधायक कालीचरन सुमन के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि सात वर्ष पूर्व आगरा विकास प्राधिकरण ने यहां तालाब को पक्का कराया था लेकिन तालाब के ओवर फ्लो होने और गंदे पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से समस्या हो गई। गांव का गंदा पानी तालाब में जा रहा है। तमाम लोगों ने शौचालय के पाइप भी तालाब में डाल दिए हैं। इसकी वजह से तालाब गंदा हो गया है। इससे बीमारियां फैलने की आशंका है। विधायक कालीचरन सुमन ने बताया कि ग्रामीणों ने कई बार तहसील दिवस में लिखित शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर तालाब की सफाई की मांग की है। हरेंद्र सिंह, रवि कुमार, टीका राम, प्रमेंद्र कुमार, विनय कुमार आदि शामिल रहे।