विदेशी मूल की एक महिला से दो सिपाहियों द्वारा दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी सिपाहियों में से एक आगरा फोर्ट जीआरपी में है, जबकि दूसरा इंटेलिजेंस ब्यूरो में है। एसएसपी के आदेश पर दोनों के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चार साल पहले हाथरस के बिसावर क्षेत्र के एक युवक से शादी करने वाली किर्गिस्तान की महिला ने भारतीय नागरिकता भी हासिल कर ली है। उसका आरोप है कि नागरिकता हासिल करने से पहले सिपाही धर्मेंद्र उसे वीजा अवधि बढ़वाने के नाम पर लखनऊ ले गया जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना ली।
बीती 31 अगस्त को वह उसी वीडियो के बल पर ब्लैकमेल करते हुए उसे मथुरा लाया जहां उसने एक होटल में अपने साथी आगरा जीआरपी इंटेलिजेंस में तैनात आकाश पंवार के साथ दुष्कर्म किया। बताया जाता है कि महिला मुकदमा दर्ज कराने को कई रोज से कोतवाली के चक्कर काट रही थी मगर किसी ने नहीं सुनी।
एसएसपी शलभ माथुर के आदेश पर शुक्रवार की देर शाम को मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।