आगरा सदर तहसील में महिला हेल्प डेस्क सोमवार को शुरू हो गई। पहली शिकायत भूमाफिया के खिलाफ आई। हेल्प डेस्क का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को करना था लेकिन एन वक्त पर उनका कार्यक्रम रद्द हो गया। सीडीओ जे रीभा ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
अर्जुन नगर स्थित गोविंद कुंज निवासी कांता देवी ने लड़ामदा गांव में अपनी पैतृक जमीन पर भूमाफिया द्वारा चक रोड पर कब्जा कर अवैध निर्माण करने की पहली शिकायत हेल्प डेस्क पर दर्ज कराई है। पहले दिन चार शिकायतें आईं। एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक व लेखपालों से पांच दिन में जांच आख्या उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
पांच दिन में होगा शिकायत का निस्तारण
सदर तहसील में पेंशन, राशन, प्रमाणपत्र व अन्य राजस्व संबंधी शिकायतों का निस्तारण अब पांच दिन में होगा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एम अरुन्मौली ने बताया तीन शिफ्ट में छह महिला कर्मचारी सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक डेस्क ड्यूटी करेंगी। यहां पहले शिकायत को रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा फिर उसे मुख्यमंत्री समेकित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पर बने हेल्प डेस्क मॉड्यूल पर अपलोड किया जाएगा। शिकायतों की निगरानी लखनऊ स्तर से होगी। जबकि प्रति दिन तहसीलदार, प्रत्येक छह दिन पर एसडीएम और महीने में दो बार डीएम हेल्प डेस्क पर प्राप्त हुई शिकायतों की समीक्षा करेंगे।