कासगंज के गंजडुंडवारा में दहेज लोभियों को आइना दिखाने वाली युवती को राज्य महिला आयोग सम्मानित करेगा। बीटीसी की छात्रा इस युवती के निर्णय की हर कोई सराहना कर रहा है। लोगों का कहना है कि पढ़ी-लिखी बेटी ने दहेज लोभियों को कड़ा सबक सिखाया है।
दिल्ली के मंगोलपुरी के एक युवक से कस्बा की एक बेटी का रिश्ता तय हुआ। शनिवार रात बारात लेकर दूल्हा कस्बे में पहुंच गया। वरमाला की रस्म की तैयारी की जाने लगी। इसी बीच दूल्हे ने अतिरिक्त दहेज में एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर दी।
इस पर दुल्हन ने दहेज का विरोध किया। उसने कहा कि वो जागरूक समाज की पढ़ी-लिखी बेटी है। दहेज की विरोधी है। उसके परिवार के लोग जो भी उसे और उसके ससुरालीजनों को सम्मान के साथ देंगे, उसे उपहार समझ कर रखा जाएगा।