आगरा में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान को लेडी लायल अस्पताल के निरीक्षण में कई जगह गंदगी दिखी। लिफ्ट खराब मिलीं और गर्मी से प्रसूताएं-गर्भवती बेहाल दिखीं। तीमारदारों ने आरोप लगाया कि बेटा होने पर 2100 रुपये और ड्रेसिंग के लिए 200 रुपये मांगे जाते हैं। इस पर अध्यक्ष ने प्रमुख अधीक्षक को फटकार लगाई।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान सुबह करीब 11:30 बजे लेडी लायल अस्पताल पहुंचीं। वार्ड में दो कूलर लगे थे, इसमें एक की मोटर खराब थी, जो गर्म हवा दे रहा था। प्रसूता महक, शोभा, पारो और कौशिक ने गर्मी से हालत खराब होने की बात कही। प्रमुख अधीक्षक डॉ. रचना गुप्ता ने अध्यक्ष को बताया कि पहले रुपये मांगे जाते थे, ऐसे लोगों को हटा दिया गया है।
आरओ प्लांट की पाइपलाइन कार्य नहीं कर रही थी। शौचालय के दरवाजे टूटे थे। ओपीडी में मरीजों के बैठने के लिए बेंच की कमी थी, कई लोग जमीन पर बैठे थे। अल्ट्रासाउंड सेंटर में कहा गया कि डॉक्टर देर से आते हैं और लंबी तारीख मिलती है।
तुम क्या सफाई करोगे, खुद तंबाकू खाते हो
वार्ड, गैलरी में गंदगी और कोनों में पीक मिलने पर अध्यक्ष नाराज हो गईं। उन्हें सफाईकर्मी तंबाकू खाता मिला, जिस पर उन्होंने कहा कि तुम क्या सफाई करोगे, जब खुद ही तंबाकू खाते हो।
अधीक्षक से तलब की है रिपोर्ट
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने बताया कि करीब दो घंटे के निरीक्षण में हालत बदतर मिले। तीमारदारों ने बेटा-बेटी होने पर 2100 और 1100 रुपये और ड्रेसिंग के 200 रुपये मांगने का आरोप लगाया है। इसकी अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की गई है। संबंधित विभागों को मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। एसी लगवाने के निर्देश दिए हैं, मौके पर खुद 4 कूलर भी दिलाए हैं।