ज्वलनशील पदार्थ डालने के दौरान हाथ से माचिस छीनने पहुंचे पुलिसकर्मी
- फोटो : ज्वलनशील पदार्थ डालने के दौरान हाथ से माचिस छीनने पहुंचे पुलिसकर्मी
मैनपुरी। क्रिश्चियन तिराहा स्थित दुकान के विवाद में मंगलवार को महिला ने पुलिस के सामने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने समय रहते महिला को रोका, जिसके बाद मौके पर एडीएम, एसडीएम, सीओ आदि पहुंचे। महिला ने अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है।
खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलने वाली उत्तरी छपट्टी निवासी अर्पिता सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी दादी की पैतृक दुकान पर उनके भाई प्रखर प्रताप सिंह ने कार्यालय खोल रखा है। इसी दुकान से सटी एक और दुकान पर एक चिकित्सक लंबे समय से कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। अर्पिता का आरोप है कि 10 अगस्त को पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की मौजूदगी में चिकित्सक ने ताले तोड़कर दुकान पर कब्जा करने की कोशिश करते हुए तोड़फोड़ की। पुलिस ने बाद में दोनों पक्षों को ताला न खोलने की हिदायत देकर मामला शांत कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोबारा ऐसी कोशिश हुई तो वह अपने परिवार के साथ कलेक्ट्रेट या मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह कर लेंगी।
घटनाक्रम पर उठे सवाल
जिस तरह से यह घटना हुई, उस पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोगों द्वारा मोबाइल से वीडियो बनाना और पुलिस का देर से हस्तक्षेप करना, पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित होने का संकेत दे रहा है। अगर, पुलिस पहले से मौजूद थी तो ज्वलनशील पदार्थ महिला से क्यों नहीं छिना गया।
विवाद के समाधान के लिए एडीएम ने महिला को बुलाया है, जहां दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। महिला थाना प्रभारी हेमलता सिंह ने महिला को समझाकर शांत कराया है। - संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी