आगरा के एत्मादपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक सिंह पर रुपये लेकर नाम निकालने के आरोप लगाने वाली दरोगा नीतू सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। पहले भी उन पर बस के परिचालक की पिटाई के आरोप लगे थे। वह तत्कालीन एसीपी कोतवाली और थानाध्यक्ष जगदीशपुरा पर भी गंभीर आरोप लगा चुकी हैं।
विज्ञापन
12 दिसंबर 2023 को मामला सामने आया था। दरोगा का ट्रांसफर थाना छत्ता में हो गया था। वह बिना वर्दी के टेढ़ी बगिया से रामबाग जा रही थीं। परिचालक हरीश शर्मा ने किराया मांगा तो दरोगा ने स्टाफ बताया। परिचय पत्र मांगने पर वह भड़क गई थीं। इसके बाद दरोगा ने परिचालक को थप्पड़ मार दिए थे।
इसका वीडियो सामने आया और पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। घटना के बाद उनको लाइन हाजिर किया गया था। पूर्व में महिला दरोगा का थानाध्यक्ष जगदीशपुरा से विवाद हुआ था। मामला अधिकारियों तक पहुंचा था। तत्कालीन एसीपी कोतवाली पर भी आरोप लगाए थे। कहा था कि अधिकारी ने अपने घर पर ओआर के लिए बुलाया था। इसकी अधिकारियों से शिकायत की थी।